तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, गंगा स्नान जा रहे लोगों में मचा हड़कंप
भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार दो महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक ई-रिक्शा चालक की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मिर्जा गांव निवासी 65 वर्षीय मनोज कुमार तांती के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए ले जा रहे थे
घटना के संबंध में सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह मनोज कुमार तांती अपने ई-रिक्शा पर सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन से दो महिला श्रद्धालुओं को बैठाकर अजगैवीनाथ गंगा घाट गंगा स्नान के लिए ले जा रहे थे।
तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने मारी टक्कर
इसी दौरान स्टेशन रोड पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक एम्बुलेंस ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक को किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ई-रिक्शा चालक मनोज कुमार तांती को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों महिला श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल एम्बुलेंस को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार चालक की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (1 अप्रैल 2026 )
प्रदेश की लाइफलाइन हुई सशक्त: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 370 नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
एपिस्टीन सेक्स कांड: प्रभावित पीड़ितों को बैंक देगा 686 करोड़ रुपये का मुआवजा
ट्रंप नरम हुए, होर्मुज जलमार्ग खोले बिना ही युद्ध समाप्ति के दिए संकेत
भारत की काले जादू की राजधानी...........जहां चुनाव के दौरान नेता लगाते हैं हाजरी
2047 के विकसित भारत के लिए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने युवा विधायकों के दिलवाए 5 संकल्प
पीएम आवास निर्माण में देश में अव्वल होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जताया हर्ष
उद्योग मंत्री देवांगन ने तिलक नगर में बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
मिडिल-ईस्ट की जंग और भारत: आसमानी सरहद पर साइलेंट खतरे की आशंका