जामताड़ा में अमित शाह ने इंडी गठबंधन पर लगाया गंभीर आरोप
जामताड़ा। जिस कांग्रेस पार्टी ने पिछले 55 साल तक झारखंड को अलग राज्य का दर्जा देने की अनदेखी की सत्ता पाने की लालसा में हेमंत सोरेन उसी कांग्रेस के गोद में जा बैठे। इंडी गठबंधन की इस सरकार ने झारखंड को कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया है।
भ्रष्टाचार में डूबे ये इनके सीएम और मंत्री आज जेल की सलाखों के पीछे हैं। इस सरकार ने प्रदेश में ऐसी लूट मचाई मानो यहां भ्रष्टाचार करने की प्रतियोगिता चल रही है। ये बातें देश के गृहमंत्री अमित शाह ने जामताड़ा के मेंझिया दुर्गा मंदिर मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
भ्रष्टाचार में फंसे मंत्रियों के गिनाए नाम
शाह झारखंड सरकार पर हमलावर नजर आए और अपने बयानों के जरिए बारी-बारी कर पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और भ्रष्टाचार में फंसे मंत्रियों के नाम गिनाते चले गए।
अमित शाह ने कहा कि जिस मंत्री आलमगीर के पीएस के नौकर के घर से 37 करोड़ रुपये बरामद हुए उसी मंत्री के नाम प्रदेश को घुसपैठ का ठिकाना बनाने का श्रेय भी जाता है।
जिहाद का लगाया आरोप
इंडी गठबंधन की इस सरकार में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं लांघ दीं। इस इंडी गठबंधन ने प्रदेश को घुसपैठ, लव जिहाद, लैंड जिहाद और फॉरेस्ट जिहाद का गढ़ बना दिया।
असम की तरह गोवंश की तस्करी पर कसेंगे लगाम
प्रदेश की इंडी गठबंधन की सरकार पर हमलावर शाह ने कहा कि इन्होंने झारखंड और खासकर संताल परगना क्षेत्र को गोवंश तस्करों का सेफ जोन बना दिया है।
प्रदेश में एनडीए की सरकार आई तो असम की तर्ज पर गोवंश तस्करी रोकने के लिए कठोर कानून बनाकर गोवंशों की रक्षा करने का काम करेंगे। किसी भी हाल में गोवंश तस्करी नहीं होने देंगे।
पांच चरण के चुनाव में ही एनडीए हासिल कर चुकी है बहुमत
शाह ने कहा भाइयो पांच चरण के हुए चुनावों के ही परिणाम आप जानना चाहोगे क्या, तो आप जान लें कि पहले पांच दौर के मतदान में ही भाजपा 310 सीट पार कर गई है। कांग्रेस पार्टी को इस बार 40 सीटें भी नहीं मिल रही हैं।
अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने धरती आबा बिरसा मुंडा की कुटिया पर पहुंचकर उन्हें सम्मान देने का काम किया। झारखंड के आदिवासी भाई-बहनों को सही मायनों में सम्मान देने का काम भाजपा ने ही किया है।
भाजपा के गिनाए काम
उन्होंने प्रदेश के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए काम भी गिनाए और कहा केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सबसे पहले झारखंड से मुद्रा लोन योजना और आयुष्मान कार्ड की शुरुआत की। सोनिया-मनमोहन की सरकार आदिवासियों के विकास के लिए 2500 करोड़ रुपये का ही बजट देती थी।
लेकिन नरेन्द्र मोदी की सरकार ने इसे बढ़ाकर 12500 करोड़ रुपये किया और अबतक अपने अधिकारों से वंचित आदिवासी भाइयों व बहनों को आगे लाने का काम किया है।
सीता बहन को दिलाएंगे न्याय
गृहमंत्री बोले वह झारखंड आंदोलनकारी सेनानी स्वर्गीय दुर्गा सोरेन को न्याय दिलाने आए हैं। झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की धर्मपत्नी बहन सीता सोरेन दुमका लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी हैं।
आप सभी दुमकावासियों से अपील है कि दुर्गा सोरेन को न्याय दिलाने के लिए रिकॉर्ड तोड़ मत देकर बहन सीता सोरेन को जिताने का काम करें। झारखंड के सभी लोकसभा सीटों के साथ दुमका लोकसभा सीट पर भी कमल खिलेगा और तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार बनेगी।
डबरा में शिव महापुराण कथा के दौरान महिला को हार्ट अटैक, मुंह से झाग निकलने के बाद हुई मौत
सुषमा स्वराज मेरे जीवन की प्रेरणा रहीं, हमेशा रहेंगी – रेखा गुप्ता
पाक पीएम शहबाज ने तारिक रहमान को दी जीत की बधाई, भाई कहकर किया संबोधित
सोने-चांदी की कीमतों में आया बड़ा बदलाव, खरीदने से पहले जान लें आज का सटीक भाव
Mahashivratri Special: लंबी यात्रा पर निकलने से पहले राहत की खबर, इन राज्यों में स्थिर रहे पेट्रोल-डीजल के दाम