बिहार का दूल्हा कतर में फंसा, जंग के बीच 3 बार कैंसिल हुआ टिकट
गया। जिले के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत खंडेल गांव निवासी जमील शाह के बेटे रिजवान का निकाह 30 मार्च 2026 को तय है। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गांव और रिश्तेदारों के बीच करीब 500 निमंत्रण कार्ड बांटे जा चुके हैं। बारात के लिए बस, मेहमानों के ठहरने के लिए होटल और खाने-पीने के लिए बावर्ची तक बुक कर लिए गए हैं। परिवार ने अग्रिम भुगतान भी कर दिया है, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय हालात ने इस खुशियों भरे मौके पर संकट खड़ा कर दिया है।
घर वापसी अधर में लटकी
दरअसल, ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण खाड़ी देशों से उड़ान सेवाएं प्रभावित हैं। रिजवान, जो कतर में काम करता है, अपने निकाह में शामिल होने के लिए 17 मार्च को पहली बार टिकट बुक किया, लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो गई। इसके बाद उसने 20 मार्च को दोबारा टिकट लिया, मगर वह भी रद्द हो गया। अब तक तीन बार उसका टिकट कैंसिल हो चुका है, जिससे उसकी घर वापसी अधर में लटक गई है।
रिजवान को घर लाने में जुटा परिवार
रिजवान के बड़े भाई जहांगीर आलम ने बताया कि निकाह की पूरी तैयारी हो चुकी है, लेकिन दूल्हे का ही आना अनिश्चित है। उन्होंने कहा कि अगर रिजवान बारात वाले दिन भी किसी तरह गांव पहुंच जाता है, तो निकाह करवा दिया जाएगा, अन्यथा तारीख आगे बढ़ानी पड़ेगी। परिवार लगातार रिजवान से संपर्क में है और वह भी हर हाल में घर आने की कोशिश कर रहा है।
रिजवान के लिए मस्जिद में की जा रही दुआ
रिजवान के चाचा ने बताया कि गांव के लोग मस्जिद में इकट्ठा होकर उसकी सलामती और समय पर वापसी के लिए दुआ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लड़की पक्ष के लोग दिल्ली से आ चुके हैं और शादी की पूरी तैयारी कर चुके हैं। ऐसे में पूरे परिवार की चिंता बढ़ गई है, खासकर रिजवान के पिता काफी परेशान हैं।
इलाके के 100 से ज्यादा युवा खाड़ी देशों में करते हैं काम
खंडेल गांव समेत आसपास के बहेरा और सपा बिगहा जैसे गांवों के 100 से अधिक युवक रोजी-रोटी के लिए खाड़ी देशों में काम करते हैं। इनमें से करीब 25 युवक सिर्फ खंडेल गांव के ही हैं, जो कतर, सऊदी अरब और अन्य देशों में हैं। ईद के मौके पर कई लोग घर आने वाले थे, लेकिन युद्ध जैसे हालात के कारण नहीं आ सके। गांव के ही राजीव खान, जो हाल ही में दुबई से लौटे हैं, ने बताया कि वहां हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। दिन में सामान्य स्थिति रहती है, लेकिन रात में धमाकों और मिसाइलों की आवाज से डर का माहौल बन जाता है। उन्होंने बताया कि उनकी भी तीन फ्लाइट कैंसिल हुईं, उसके बाद चौथी बार में किसी तरह भारत पहुंच पाए।
'50-60 युवक खाड़ी देशों में फंसे'
वहीं, गांव के सरबर खान ने बताया कि खंडेल गांव की करीब 300 घरों की आबादी में 50-60 युवक खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। सभी के परिवार चिंतित हैं और बस हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल, पूरा गांव और परिवार अल्लाह से दुआ कर रहा है कि रिजवान सही-सलामत अपने घर लौट आए, ताकि तय तारीख पर उसका निकाह संपन्न हो सके और खुशियां मातम में न बदलें।
भोपाल में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, गौमांस पर दी बड़ी बात
बेटे ने मां संग रची पिता की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
RCB को बड़ा झटका, यश दयाल टीम से नहीं जुड़ेंगे
विशाखापत्तनम स्वरक्षा महोत्सव के फोटो-वीडियो पाक एजेंटों तक पहुंचे
भारतीय रेलवे के नए नियम: टिकट कैंसिल में देरी तो कटेगा ज्यादा पैसा
कलेक्टर से मिलने के लिए पूरे दिन बैठी रही जिला पंचायत अध्यक्ष
नवरात्रि में फलों के दाम चढ़े, सेब-अंगूर 10% तक महंगे
काव्या की टीम सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ा 300+ विकेट वाला गेंदबाज
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने लंबित भर्तियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए
क्या पहला खिताब जीत पाएगी लखनऊ सुपर जायंट्स? टीम पर बड़ी उम्मीदें