MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 22 अधिकारियों को प्रमोशन की सौगात
भोपाल: मध्य प्रदेश में इस साल राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 13 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और राज्य पुलिस सेवा (SPS) के 9 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रमोट किए जाने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। इन योग्य अधिकारियों का चयन करने के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर की एक विशेष समिति गठित की जाएगी, जो इन अधिकारियों के पूरे सेवा रिकॉर्ड, गोपनीय चरित्रावली (CR) और उनके कार्य प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन करेगी।
रिटायर्ड अफसरों की जगह भरे जाएंगे पद
मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त (रिटायर) हुए प्रमोटेड IAS और IPS अधिकारियों की वजह से खाली हुए पदों को भरने के लिए यह कवायद शुरू की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने IAS प्रमोशन के लिए और गृह विभाग ने IPS अवार्ड के लिए संभावित दावेदार अफसरों की सूची तैयार कर ली है। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को उनके सेवा संबंधी दस्तावेज और वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट जमा करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
39 अधिकारियों में से चुने जाएंगे 13 नए IAS
IAS पद पर प्रमोशन के लिए कुल 13 खाली पदों के मुकाबले राज्य प्रशासनिक सेवा के 39 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है। इस दौड़ में मुख्य रूप से वर्ष 2007 और 2008 बैच के अधिकारी शामिल हैं। इन सभी के सेवा रिकॉर्ड की जांच करने के बाद अंतिम सूची UPSC को भेजी जाएगी। इसके तुरंत बाद ही विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इन अधिकारियों के नामों पर संशय बरकरार
चर्चा है कि 1999 बैच के जयेंद्र विजयवत और मनोज मालवीय उम्र के तय मानकों की वजह से इस चयन प्रक्रिया की दौड़ से बाहर हो चुके हैं। वहीं 2002 बैच के कमल नागर का मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित होने के कारण उनके नाम पर विचार होना मुश्किल लग रहा है।
संभावित दावेदारों की सूची में मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल और संदीप सोनी समेत कुल 39 अफसर शामिल हैं। वहीं 2007 बैच की सपना एम. लोवंशी का नाम एक जांच के चलते अंतिम सूची से काटा जा सकता है।
IPS अवार्ड की दौड़ में 27 दावेदार, प्रक्रिया अंतिम चरण में
दूसरी तरफ, राज्य पुलिस सेवा से IPS कैडर मिलने की प्रक्रिया भी अपने आखिरी दौर में है। कुल 9 रिक्त पदों के लिए DPC की बैठक बुलाने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। इस बार मुख्य रूप से 1997 और 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के नामों की समीक्षा की जाएगी।
IPS बनने की इस दौड़ में सीताराम, अमृत मीणा, निमिषा पांडेय, राजेश मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, सब्यसाची सर्राफ, समर वर्मा और सत्येंद्र सिंह तोमर सहित कुल 27 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, अमृत मीणा के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े विवाद और राजेश मिश्रा के खिलाफ चल रही विभागीय जांच की वजह से इन दोनों मामलों पर अंतिम फैसला DPC की बैठक में ही होगा। जरूरत पड़ने पर इनके लिफाफे सीलबंद भी रखे जा सकते हैं। अब प्रशासनिक और पुलिस गलियारों में सभी की नजरें होने वाली डीपीसी बैठक पर टिकी हैं।
15 साल पूरे होने पर 'सिंघम' को याद करना पड़ा भारी, अजय देवगन ट्रोलर्स के निशाने पर
शराब पीकर ड्राइविंग करना पड़ा भारी, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्टार वॉर्नर ने कोर्ट में कबूला जुर्म
DGP की आपत्ति के बाद बड़ा फैसला, IPS सुमन गुप्ता का केंद्रीय डेपुटेशन NOC रद्द
दिल्ली में मेट्रो सेवा प्रभावित, 16 स्टेशन अगले आदेश तक रहेंगे बंद
बम धमाके में परिवार के 14 लोगों की मौत, चार साल बाद दो दोषियों को सजा
आर्थिक बदहाली से जूझ रहा पाकिस्तान, बड़ी आबादी गरीबी के शिकंजे में
सड़क हादसों पर हाईकोर्ट की सख्ती, आवारा मवेशियों को लेकर सरकार और NHAI से जवाब तलब
नवसारी में बारिश का कहर, 155 सड़कें बंद; उफनते नाले में बही कार
पकौड़े खाने का है मन? बिना तेल वाली ये रेसिपी बना देगी दिन खास